All posts by Guruseva

मनुष्य – मनुष्य के बीच की दूरी मिटाता है आत्मज्ञान


geeta-gyan

पूज्य संत श्री आशारामजी बापू

‘गीता’ युद्ध के मैदान में कही गयी है | तब समय का बड़ा अभाव था | कुछ भी अनावश्यक बात करने का समय नहीं था | पूरी गीता में एक भी शब्द अनुपयोगी नहीं मिलेगा | भगवान ने जो कहा है वह बिल्कुल संक्षेप में और साररूप है | दोनों सेनाओं के बीच रथ खड़ा है, ऐसे मौके पर भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं :

तद्विद्धि प्रणिपातेन परिप्रश्नेन सेवया |

उपदेक्ष्यन्ति ते ज्ञानं ज्ञानिनस्तत्त्वदर्शिन: || (गीता : ४.३४ )

‘उस ज्ञान को तू तत्त्वदर्शी ज्ञानियों के पास जाकर समझ, उनको भलीभाँति दण्डवत प्रणाम करने से, उनकी सेवा करने से आर कपट छोड़कर सरलतापूर्वक प्रश्न करने से वे परमात्म-तत्त्व को भलीभाँति जाननेवाले ज्ञानी महात्मा तुझे उस तत्त्वज्ञान का उपदेश करेंगे |’

जो श्रीकृष्ण के सान्निध्य में रहता है उस अर्जुन को भी श्रीकृष्ण ज्ञानियों से आत्मज्ञान पाने की सलाह दे रहे हैं | इससे आत्मज्ञान की महिमा का पता चलता है |

यह आत्मज्ञान मनुष्य-मनुष्य के बीच की दुरी मिटाता है, भय और शोक, ईर्ष्या और उद्वेग की आग से तपे हुए समाज की सुख और शान्ति, स्नेह और सहानुभूति, सदाचार और संयम, साहस और उत्साह, शौर्य और क्षमा जैसे दिव्य गुण देते हुए ह्रदय के अज्ञान-अन्धकार को मिटाकर जीव को अपने ब्रह्मस्वभाव में जगा देता है | जिस-जिस व्यक्ति ने, समाज ने, राष्ट्र ने तत्त्वज्ञान की उपेक्षा की, तत्त्वज्ञान से विपरीत आचरण किया उसका विनाश हुआ, पतन हुआ | घूस, पलायनवादी, आतंकवाद और कायरता जैसे दुर्गुण उस समाज में फैले | शास्त्रों में आता है :

आत्मलाभात परं लाभं न विद्यते |

‘आत्मलाभ से बढ़कर कोई लाभ नहीं है |’

मंद और म्लान जगत को तेजस्वी और कांतिमान आत्मसंयम और आत्मज्ञान के साधन से ही किया जा सकता है |

परम कल्याण करनेवाला ग्रंथ : श्रीमद्भगवद्गीता


 

( गीता जयंती : १० दिसम्बर )

पूज्य बापूजी

समुद्र में से राई का दाना निकालना सम्भव है ? कठिन है | लेकिन महापुरुषों ने क्या कर दिया कि इतने बड़े साहित्यरुपी समुद्र में से गीतारूपी राई का दाना निकालकर रख दिया और उस राई के दाने में भी सारे जगत को ज्ञान देने की ताकत ! ७०० श्लोकों का छोटा – सा ग्रंथ | १८ अध्याय, ९४११ पद और २४,४४७ शब्द गीता में हैं | गीता एक ऐसा सदग्रंथ है जो प्राणिमात्र का उद्धार करने का सामर्थ्य रखता है | गीता के एकाध श्लोक के पाठ से, भगवन्नाम – कीर्तन से और आत्मतत्त्व में विश्रांति पाये साधु-पुरुष के दर्शनमात्र से करोड़ों तीर्थ करने का फल माना गया है |

गीताया: श्लोकपाठेन गोविन्दस्मृतिकीर्तनात |

साधूदर्शनमात्रेण तीर्थकोटिफलं लभेत् ||

गीता भगवान के श्रीमुख से निकला अमृत है | गीता का एक – एक श्लोक तो क्या एक – एक शब्द मंत्र है – मन तर जाय ऐसा है और नित्य नवीन भाव, नित्य नवीन रस प्रकट कराता है |

गीता के विषय में संत ज्ञानेश्वर महाराज कहते हैं : “विरागी जिसकी इच्छा करते हैं, संत जिसका प्रत्यक्ष अनुभव करते हैं और पूर्ण ब्रह्मज्ञानी जिसमें ‘अहमेव ब्रह्मास्मि’ की भावना रखकर रमन करते हैं, भक्त जिसका श्रवण करते हैं, जिसकी त्रिभुवन में सबसे पहले वंदना होती है, उसे लोग ‘भगवद्गीता’ कहते हैं |”

ख्वाजाजी ने कहा है : “यह उरफानी मजमून (ब्रह्मज्ञान के विचार) संस्कृत के ७०० श्लोकों में बयान किया गया है | हर श्लोक एक रंगीन फूल है | इन्हीं ७०० फूलों की माला का नाम गीता है | यह  माला करोड़ों इंसानों के हाथों में पहुँच चुकी है लेकिन ताहाल इसकी ताजगी, इसकी खुशबू में कोई फर्क नहीं आया |”

गीता ऐसा अद्भुत ग्रंथ है कि थके, हारे, गिरे हुए को उठाता है, बिछड़े को मिलाता है, भयभीत को निर्भय, निर्भय को नि:शंक, नि:शंक को निर्द्वन्द्व बनाकर नारायण से मिला के जीते – जी मुक्ति का साक्षात्कार कराता है |

भगवान श्रीकृष्ण जिसके साथ हैं ऐसा अर्जुन सामाजिक कल्पनाओं से, सामाजिक कल्पित आवश्यकताओं से, ‘मैं – मैं, तू – तू’ के तड़ाकों – धड़ाकों से इतना तो असमंजस में पड़ा कि ‘मुझे क्या करना चाहिए, क्या नहीं करना चाहिए ? ….’ किंकर्तव्यविमूढ़ हो गया | भगवान ने विराट रूप का दर्शन कराया तो अर्जुन भयभीत हो गया | भगवान ने सांख्य योग का उपदेश किया तो अर्जुन ने शंका की :

तत्किं कर्मणि घोरे मां नियोजयसि केशव | (गीता :३.१ )

आप तो कहते हैं कि संन्यास ऊँची चीज है, संसार स्वप्न है, मोहजाल है | इससे जगकर अपने आत्मा को जान के मुक्त होना चाहिए फिर आप मेरे को घोर कर्म में क्यों धकेलते हो ?

संन्यास अर्थात सारी इच्छाओं का त्याग करके आत्मा में आना तो ऊँचा है लेकिन इस समय युद्ध करना तेरा कर्तव्य है | सुख लेने के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था भंग करनेवाले आतताइयों ने जब समाज को घेर लिया है, निचोड़ डाला है तो वीर का, बहादुर का कर्तव्य होता है कि बहुजनहिताय – बहुजनसुखाय अपनी योग्यताओं का इस्तेमाल करे, यही उसके लिए इस समय उचित है | अपना पेट भरने के लिए तो पशु भी हाथ – पैर हिला देता है | अपने बच्चों की चोंच में तो पक्षी भी भोजन धर देता है लेकिन श्रेष्ठ मानव वह है जो सृष्टि के बाग़ को सँवारने के लिए, बहुतों के हित के लिए, बहुतों की उन्नति के लिए तथा बहुतों में छुपा हुआ जो एक ईश्वर है उसकी प्रसन्नता के लिए कर्म करे और और फल उसीके चरणों में अर्पण कर दे जिसकी सत्ता से उसमें कर्म करने की योग्यता आयी है |

गीता एक दिन में पढ़कर रख देने की पुस्तक नहीं है | गीता पढ़ो गीतापति से मिलने के लिए और गीतापति तुम्हारे से १ इंच भी दूर नहीं जा सकता |

ऋषिप्रसाद – अंक: २८७ नवम्बर २०१६ से

संसाररूपी युद्ध के मैदान में परमात्मा को कैसे पायें ?


 

पूज्य बापूजी

श्रीमद्भगवदगीता के ज्ञानामृत के पान से मनुष्य के जीवन में साहस, समता, सरलता, स्नेह, शान्ति, धर्म आदि दैवी गुण सहज की विकसित हो उठते हैं | अधर्म, अन्याय एवं शोषण का मुकाबला करने का सामर्थ्य आ जाता है | भोग एवं मोक्ष दोनों ही प्रदान करनेवाला, निर्भयता आदि दैवी गुणों को विकसित करनेवाला यह गीता – ग्रंथ पुरे विश्व में अद्वितीय है |

संसाररूपी युद्ध के मैदान में परमात्मा को कैसे पा सकते हैं ? यह ज्ञान पाना है तो भगवद्गीता है | युद्ध के मैदान में अर्जुन है, ऐसा अर्जुन जो काम कर सकता है, क्या वह तुम नहीं कर सकते ? अर्जुन तो इतने बखेड़े में था, तुम्हारे आगे इतना बखेड़ा नहीं है |

भाई ! अर्जुन के पास तो कितनी जवाबदारी थी ! फिर भी अर्जुन को श्रीकृष्ण ने जिस बात का उपदेश दिया है, अर्जुन अगर उसका अधिकारी है युद्ध के मैदान में तो तुम भगवदगीता के अमृत के अधिकारी अवश्य हो भाई ! तुम्हारे को जो नौकरी और संसार ( प्रपंच) लगा है उससे तो ज्यादा पहले संसार था फिर भी हिम्मतवान मर्दों ने समय बचाकर इन विकारों पर, इन बेवकूफियों पर विजय पा ली और अंदर में अपने आत्मा – परमात्मा का ज्ञान पा लिया |

…और गीता की जरूरत केवल अर्जुन को ही थी ऐसी बात नहीं है | हम सब भी युद्ध के मैदान में ही हैं | अर्जुन ने तो थोड़े ही दिन युद्ध किया किंतु हमारा तो सारा जीवन काम, क्रोध, लोभ, मोह, भय, शोक, ‘मेरा-तेरा’ रूपी युद्ध के बीच ही है | अत: अर्जुन को जितनी गीता की जरूरत थी उतनी, शायद उससे भी ज्यादा आज के मानव को उसकी जरूरत है |

भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को आत्मज्ञान दे रहे हैं | श्रीकृष्ण आये हैं तो कैसे ? विषम परिस्थिति में आये हैं | गीता का भगवान कैसा अनूठा है ! कोई भगवान किसी सातवें अरस पर होते हैं, किसीके भगवान कहीं होते हैं लेकिन हिन्दुओं के भगवान तो जीव को रथ पर बिठाते हैं और आप सारथी होकर, छोटे हो के भी जीव को शिवत्व का साक्षात्कार कराने में संकोच नहीं करते हैं | और ‘इतना नियम करो, इतना व्रत करो, इतना तप करो फिर मैं मिलूँगा’, ऐसा नहीं, श्रीकृष्ण तो यूँ कहते हैं : अपि चेदसि पापेभ्य: – तू पापियों, दुराचारियों की आखिरी पंक्ति का हो ….

सर्वभ्य: पापकृत्तम: |  प्रिय, प्रियतर, प्रियतम, ऐसे ही कृत, कृततर, कृततम |

सर्व ज्ञानप्लवेनैव वृजिनं संतरिष्यसि ||  

तू उस ब्रह्मज्ञान की नाव में बैठ, तू यूँ तर जायेगा, यूँ…. ऐसी भगवद्गीता देश में हो फिर भी देशवासी जरा – जरा बात में चिढ़ जायें, जरा – जरा बात में दु:खी हो जायें, भयभीत हो जायें, जरा – जरा बात में ईर्ष्या में आ जायें तो यह गीता-ज्ञान से विमुखता का ही दर्शन हो रहा है | अगर गीता के ज्ञान के सम्मुख हो जायें तो यह दुर्भाग्य हमारा हो नहीं सकता, टिक नही सकता |

गीता श्रीकृष्ण के ह्रदय का संगीत है, उनके जीवन की पोथी है | गीता श्रीकृष्ण का वह प्रसाद है जिसका आश्रय लेकर मानवता अपने ब्रह्मस्वभाव को पाने में सक्षम होती है |

-लोककल्याण सेतु – अंक : निरंतर २३३ नवम्बर – २०१६ से